आदित्यपुर : टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन का महा-अभियान मंगलवार को लगातार दूसरे चरण में और अधिक कड़ाई के साथ देखने को मिला। उपायुक्त के सख्त निर्देश पर उपनगर आयुक्त पारुल सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने चिलचिलाती धूप में करीब पांच घंटे तक डटकर एस-टाइप से लेकर आशियाना चौक तक सड़क किनारे हुए अवैध कब्जों और पक्के-अस्थायी निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।इस दौरान कई रसूखदारों और दुकानदारों ने कार्रवाई को रुकवाने का राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन उपायुक्त और एसडीओ की स्पष्ट हिदायत के कारण बुलडोजर थमा नहीं।
एस-टाइप से आशियाना चौक तक ‘क्लीन स्वीप’ अभियान
मंगलवार को सुबह से ही आदित्यपुर नगर निगम, झारखंड आवास बोर्ड और जिला पुलिस की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ सड़कों पर उतरी। प्रशासनिक बुलडोजर एस-टाइप चौक से शुरू होकर इमली चौक, शेर-ए-पंजाब चौक, आकाशवाणी चौक होते हुए सीधे आशियाना चौक तक गरजा। सर्विस रोड के दोनों ओर नाले के ऊपर और सड़क की जद में आने वाले अवैध शेड, चबूतरे, दुकानें और होर्डिंग्स को उखाड़ फेंका गया। कार्रवाई के दौरान कुछ जगहों पर दुकानदारों के साथ टीम की तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल के आगे विरोध बेअसर साबित हुआ।
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का मिला समर्थन, तो दोगुनी हुई सख्ती
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, इस अभियान को रोकने के लिए पर्दे के पीछे से काफी लॉबिंग की जा रही थी। हालांकि, सोमवार को स्थानीय विधायक और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सार्वजनिक रूप से इस अभियान का खुला समर्थन कर दिया था। चंपाई सोरेन ने फुटपाथ दुकानदारों से खुद अपील की थी कि वे जनहित और सड़क सुरक्षा को देखते हुए नाले से पीछे हटकर अपनी दुकानें लगाएं। पूर्व सीएम के इस रुख के बाद मंगलवार को प्रशासनिक टीम दोगुनी ताकत और बिना किसी राजनीतिक दबाव के मैदान में उतरी।
आशियाना चौक पर आवास बोर्ड की जमीन पर भारी विरोध, थमा बुलडोजर
अभियान जब अपने अंतिम पड़ाव यानी आशियाना चौक पर पहुंचा, तो वहाँ झारखंड आवास बोर्ड की बेशकीमती जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के दौरान टीम को स्थानीय लोगों और कब्जेधारियों के तीखे व संगठित विरोध का सामना करना पड़ा।स्थिति को भांपते हुए आवास बोर्ड की कार्यपालक अभियंता उत्पला सरदार ने मामले को शांत कराया और स्पष्ट किया कि विवादित और विरोध वाले हिस्से के लोगों को दोबारा कानूनी नोटिस जारी किया जाएगा, जिसके बाद मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में यहाँ फिर से बुलडोजर चलाया जाएगा।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर गिड़ी गाज, वेंडिंग जोन का आश्वासन
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम पर भी कार्रवाई हुई। ट्रैफिक प्रभारी राजू के नेतृत्व में पुलिस ने सर्विस रोड को पार्किंग लॉट बनाने वाले दर्जनों वाहनों का ऑन-स्पॉट चालान काटा। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा वाहन खड़े मिले, तो उन्हें सीधे जब्त कर लिया जाएगा।पूरे मामले पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने छोटे दुकानदारों को राहत देते हुए कहा कि नगर निगम उनके पुनर्वास के लिए व्यवस्थित ‘वेंडिंग जोन’ विकसित करने को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
बुधवार को भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की और नगर निगम की टीम को सख्त निर्देश दिया है कि मुक्त कराई गई जमीनों पर दोबारा कब्जा न होने पाए, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार को भी टाटा-कांड्रा मार्ग के बचे हुए हिस्सों में यह अभियान पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा।
