जमशेदपुर: महिला ने कथा वाचक प्रदीप मिश्रा की शिष्या रंजीता वर्मा पर लगाया धोखाधड़ी और दहेज प्रताड़ना का आरोप,जाने क्या है पूरा मामला ?

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी निवासी एक महिला ने सुप्रसिद्ध कथा वाचक प्रदीप मिश्रा की शिष्या रंजीता वर्मा पर धोखे से अपने विवाहित भाई की शादी कराने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता हेमलता ने इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे परिवार के सदस्य

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024 में रंजीता वर्मा अपनी बहन संगीता वर्मा, जेठ सुंदर वर्मा और जीजा संतोष के साथ नोवामुंडी निवासी अपने भाई कुंदन वर्मा का शादी का प्रस्ताव लेकर उसके माता-पिता के पास आई थी।परिवार की सहमति के बाद विवाह हुआ और हेमलता अपने ससुराल नोवामुंडी चली गई।

कुछ महीनों बाद खुला पति की पहली शादी का राज

हेमलता का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद उसे पता चला कि उसका पति कुंदन वर्मा पहले से शादीशुदा है।बताया गया कि उसकी पहली शादी करीब छह साल पहले बिहार के डेहरी निवासी अंजनी सिंह से हुई थी, जो पुलिस विभाग में कार्यरत है। जब इस बारे में पति से सवाल किया गया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा।

पांच लाख दहेज की मांग का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।हेमलता के अनुसार मायके वालों ने किसी तरह एक लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बावजूद बाकी चार लाख रुपये की मांग जारी रही।

गर्भवती होने पर मायके भेजने का आरोप

महिला का कहना है कि गर्भवती होने के बावजूद उसे ससुराल से मायके भेज दिया गया और कहा गया कि बाकी चार लाख रुपये मिलने के बाद ही उसे वापस ले जाया जाएगा।30 दिसंबर को हेमलता ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन आरोप है कि पति उसे लेने तक नहीं आया।

बेटी होने पर घर ले जाने से किया इनकार

पीड़िता के मुताबिक 19 अप्रैल को संगीता वर्मा अपने परिवार के साथ सोनारी स्थित मायके पहुंची और यह कहते हुए उसे वापस ले जाने से इनकार कर दिया कि उसने बेटी को जन्म दिया है।महिला का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गई। बाद में उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया।

पति पर सट्टेबाजी और अवैध संबंधों के आरोप

हेमलता ने अपने पति पर सट्टेबाजी करने और कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध रखने का भी आरोप लगाया है।फिलहाल पीड़िता अपनी चार माह की बेटी के साथ सोनारी थाना और सिटी एसपी कार्यालय पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

More From Author

राजीव रंजन के निर्देश पर पीवीटीजी परिवारों के लिए विशेष अभियान शुरू, 25 मई तक गांव-गांव लगेंगे संतृप्तिकरण शिविर

Recent News