गम्हारिया : सरायकेला जिले की गम्हारिया थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले चोरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी से बड़े पैमाने पर हो रही लोहा स्क्रैप चोरी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अपराधियों को रंगेहाथ दबोच लिया है।पुलिस ने मौके से चोरी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की लग्जरी महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ी और करीब 10 टन (10,000 किलो) अवैध लोहा स्क्रैप बरामद किया है। जब्त किए गए स्क्रैप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
झारगोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास सजी थी चोरी की ‘फड़’
पुलिस को यह सफलता एक पुख्ता और गोपनीय खुफिया इनपुट के आधार पर मिली।22 मई को सरायकेला पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी गम्हारिया की बाउंड्री वॉल के पास से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप काटकर चोरी किया जा रहा है और उसे झारगोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास डंप किया जा रहा है। गिरोह के सदस्य इस भारी-भरकम स्क्रैप को ट्रकों और अन्य वाहनों में लोड कर खपाने के लिए राज्य से बाहर भेजने की फिराक में थे।
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में बनी ‘क्रैक टीम’
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के कड़े निर्देश पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में गम्हारिया थाना पुलिस की एक विशेष ‘क्रैक टीम’ का गठन किया गया।
रेड में मची अफरा-तफरी
पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में योजनाबद्ध तरीके से झारगोविन्दपुर रेलवे फाटक और टाटा स्टील की बाउंड्री के पास घेराबंदी कर अचानक धावा बोल दिया। पुलिस की दबिश पड़ते ही कटर से लोहा काट रहे और गाड़ियों में लोड कर रहे अपराधियों में भगदड़ मच गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दौड़ाकर चार आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
रंगेहाथ गिरफ्तार हुए ये 4 आरोपी, स्कॉर्पियो पर लदा था माल
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय शातिर स्क्रैप चोरों के रूप में हुई है, जिनके नाम निशांत कुमार पाण्डेय,नबीन प्रमाणिक,तुषार कुमार महतो,अमित कुमार यादव शामिल है।
क्या हुआ बरामद ?
पुलिस ने मौके से सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो (वाहन संख्या: JH05EH 2727) को जब्त किया है। शातिर चोर पुलिस चेकिंग से बचने के लिए इस वीआईपी गाड़ी की सीटों को निकालकर उसमें करीब आधा टन लोहा स्क्रैप लोड कर चुके थे। इसके अलावा झाड़ियों और मैदान में छिपाकर रखा गया करीब 10 टन वजनी भारी स्क्रैप भी जब्त किया गया है।
नए कानून के तहत केस दर्ज; राजा हैम्ब्रम और विशाल गोराई की तलाश जारी
गम्हारिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ गम्हारिया थाना कांड संख्या 46/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत और गैर-जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर शनिवार को जेल भेज दिया है।
फरार किंगपिन रडार पर
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने मामले का आधिकारिक खुलासा करते हुए बताया कि इस सिंडिकेट के मुख्य सरगना और साथी राजा हैम्ब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस की स्पेशल टीम इन तीनों मुख्य आरोपियों और इनके पीछे खड़े कबाड़ दुकानदारों (रिसीवर) को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। एसडीओ ने दोटूक कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में किसी भी तरह के आपराधिक सिंडिकेट को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।
