चाकुलिया थाना पुलिस ने घर में गांजा की बिक्री कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चाकुलिया थाना क्षेत्र के वाजपेई कॉलोनी नया बाजार में एक व्यक्ति अपने घर से गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रहा है।
छापेमारी में 336 ग्राम गांजा बरामद
सूचना की सत्यता जांचने के बाद पुलिस ने संबंधित घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 336 ग्राम गांजा बरामद किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गागराई के रूप में हुई है।
सब्जी बेचने से नहीं होती थी पर्याप्त कमाई
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन कम आमदनी होने के कारण करीब डेढ़ वर्ष पहले इस धंधे में शामिल हो गया।
गांजे की कीमत करीब 16,800 रुपये
ग्रामीण एसपी ने बताया कि बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 16,800 रुपये आंकी गई है।पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से खरीदकर लाता था और किन लोगों को इसकी बिक्री करता था।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
