झारखंड में हाथी-मानव संघर्ष रोकने के लिए एआई तकनीक का सहारा, लगाए जाएंगे 26 स्मार्ट कैमरे

झारखण्ड में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग अब आधुनिक एआई तकनीक का इस्तेमाल करने जा रहा है।पूर्वी सिंहभूम और सराईकेला खरसावाँ जिले के हाथी प्रभावित इलाकों में 26 अत्याधुनिक एआई कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

हाथी दिखते ही बजेगा सायरन

वन विभाग के अनुसार जैसे ही कोई हाथी कैमरे की रेंज में आएगा, सिस्टम स्वतः सक्रिय होकर सायरन बजाएगा। इससे आसपास के ग्रामीणों और वन विभाग की टीम को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि कैमरे रात में भी प्रभावी तरीके से काम करेंगे। इनमें लगे सेंसर और एआई आधारित पहचान प्रणाली हाथियों की मौजूदगी का पता लगाकर तत्काल सूचना जारी करेगी।

चाकुलिया, चांडिल और दलमा में लगाए जा रहे कैमरे

वन विभाग के मुताबिक कैमरे पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया वन क्षेत्र, सरायकेला-खरसावां के चांडिल इलाके और दलमा वन्यजीव अभयारण्य में लगाए जा रहे हैं।डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि कैमरा लगाने का काम शुरू हो चुका है।

इन गांवों में लगेंगे एआई कैमरे

चाकुलिया वन क्षेत्र के राजाबासा, जमुआ, माचाडीहा, कलसीमूंग, मोरबेडा और पूर्णापानी गांवों में कैमरे लगाए जा रहे हैं।वहीं चांडिल क्षेत्र के कुकड़ू, नीमडीह, कुसपुतुल और अंडा गांवों में भी निगरानी कैमरे स्थापित किए जाएंगे।इसके अलावा दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी में हाथियों के आवागमन वाले रास्तों पर भी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

40 फीट ऊंचे टावर पर लगाए जा रहे कैमरे

वन विभाग के अनुसार कैमरों की बेहतर निगरानी के लिए करीब 40 फीट ऊंचे टावर बनाए जा रहे हैं, ताकि दूर तक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।विभाग का दावा है कि इस तकनीक से हाथियों की सटीक ट्रैकिंग संभव होगी और मानव-हाथी संघर्ष को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

हाथियों के आतंक से परेशान हैं ग्रामीण

पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया और सरायकेला-खरसावां के चांडिल क्षेत्र लंबे समय से हाथियों के उत्पात से प्रभावित रहे हैं।हाथियों के झुंड अक्सर गांवों में घुसकर घरों और फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार जान-माल की हानि की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।वन विभाग को उम्मीद है कि एआई तकनीक के इस्तेमाल से लोगों को पहले से अलर्ट मिल सकेगा और नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

More From Author

जमशेदपुर:जिला बार एसोसिएशन जमशेदपुर लगाएगा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 30 मई को होगा आयोजन

चाकुलिया में घर से गांजा बेचते व्यक्ति गिरफ्तार, 336 ग्राम गांजा बरामद