जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित प्रसिद्ध सूर्यधाम में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धार्मिक उल्लास और भव्य आयोजन के साथ मनाया जाएगा। सूर्य मंदिर समिति की ओर से 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर सोमवार को भालूबासा स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता कर समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
रघुवर दास होंगे मुख्य अतिथि
सूर्य मंदिर समिति के अनुसार, जन्माष्टमी महोत्सव में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
सूर्य मंदिर में विशेष पूजा और महाआरती
जन्माष्टमी के अवसर पर सूर्य मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, भगवान श्रीकृष्ण का भव्य श्रृंगार और महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर विशेष भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
बच्चों के लिए ‘बाल राधा-कृष्ण सजाओ’ प्रतियोगिता
महोत्सव के दौरान बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 2 सितंबर को शाम 5 बजे से बिरसा मुंडा टाउन हॉल में ‘बाल राधा-कृष्ण सजाओ’ प्रतियोगिता का ऑडिशन होगा।इस प्रतियोगिता में अधिकतम 10 वर्ष तक के बच्चे हिस्सा ले सकेंगे। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार: ₹7,000,द्वितीय पुरस्कार: ₹5,000 और तृतीय पुरस्कार: ₹3,000 दिए जाएंगे। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
3 सितंबर को सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं का ग्रैंड फिनाले 4 सितंबर को सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित होगा।सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रथम पुरस्कार: ₹20,000,द्वितीय पुरस्कार: ₹15,000 और तृतीय पुरस्कार: ₹10,000 दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
शुरू हुआ नामांकन फॉर्म का वितरण
समिति के सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं के लिए नामांकन फॉर्म का वितरण शुरू हो चुका है। इच्छुक प्रतिभागी सूर्य मंदिर परिसर से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।फॉर्म वितरण का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 4 बजे से 7 बजे तक। समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी अलग-अलग प्रभारियों को सौंपी हैं।
तीन दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी और सह-मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
