जमशेदपुर: डी.बी.एम.एस. कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जमशेदपुर के प्लेसमेंट सेल की ओर से बी.एड. विद्यार्थियों को आगामी प्लेसमेंट और रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष ‘प्लेसमेंट रेडीनेस प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘रिज्यूमे राइटिंग’ रहा। इसमें विद्यार्थियों को प्रभावी, स्पष्ट और पेशेवर रिज्यूमे तैयार करने के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
नंदिनी शुक्ला ने विद्यार्थियों को दिए रिज्यूमे तैयार करने के टिप्स
कार्यक्रम में केरला समाजम मॉडल स्कूल, जमशेदपुर की पूर्व प्राचार्या और वर्तमान डायरेक्टर-एकेडमिक्स नंदिनी शुक्ला मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने की बारीकियों की जानकारी दी।नंदिनी शुक्ला ने कहा कि प्रभावी रिज्यूमे केवल शैक्षणिक योग्यता का विवरण नहीं होता, बल्कि यह उम्मीदवार की क्षमताओं, कौशल, उपलब्धियों, अनुभव और व्यक्तित्व को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने का माध्यम है। उन्होंने रिज्यूमे में स्पष्टता, सटीकता, उपयुक्त प्रारूप और वास्तविक उपलब्धियों को प्रमुखता देने पर जोर दिया।
आत्मविश्वास और लगातार सीखने पर दिया जोर
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, निरंतर सीखने और स्वयं को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के महत्व के बारे में भी बताया गया। शिक्षिका से प्राचार्या और फिर अकादमिक नेतृत्वकर्ता तक नंदिनी शुक्ला की यात्रा भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रही।उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए आईसीएसई और आईएससी के निरीक्षण कार्य तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और मजबूत मूल्यों पर आधारित शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया।
प्लेसमेंट और इंटरव्यू की तैयारी में मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि करियर की तैयारी केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है। अपनी योग्यता, कौशल और उपलब्धियों को सही तथा प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना भी पेशेवर जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।सत्र से विद्यार्थियों को आगामी प्लेसमेंट और साक्षात्कार की तैयारी अधिक आत्मविश्वास के साथ करने के लिए उपयोगी मार्गदर्शन मिला।
कॉलेज प्रशासन और प्लेसमेंट सेल का रहा सहयोग
कार्यक्रम की सफलता में कॉलेज की सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, उप-प्राचार्या पामेला घोष दत्ता, मेंटर डॉ. जूही समर्पिता तथा प्लेसमेंट सेल की कार्यक्रम प्रभारी मौसमी दत्ता का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और सहयोग रहा।कॉलेज के शिक्षकगण और सहायक कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।
रीमा रॉय ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन रीमा रॉय ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को सहज और प्रभावी ढंग से संचालित किया। अंत में तृषा सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए रिसोर्स पर्सन, कॉलेज प्रशासन, प्लेसमेंट सेल, शिक्षकगण, सहायक कर्मचारियों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कॉलेज की ओर से कहा गया कि यह प्लेसमेंट रेडीनेस प्रोग्राम बी.एड. विद्यार्थियों के करियर निर्माण, पेशेवर कौशल विकास और आगामी रोजगार अवसरों की तैयारी की दिशा में उपयोगी पहल साबित हुआ।
