सीबीएसई 12वीं में डीपीएस बोकारो के आदित्य मिश्रा बने संयुक्त नेशनल टॉपर, पुनर्मूल्यांकन के बाद बढ़े अंक

बोकारो। डीपीएस बोकारो के छात्र आदित्य मिश्रा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया है। पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के बाद उनके अंक 99.20 प्रतिशत से बढ़कर 99.60 प्रतिशत हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वह साइंस स्ट्रीम में संयुक्त रूप से राष्ट्रीय टॉपर बन गए हैं।

बायोलॉजी में बढ़े अंक, कुल स्कोर पहुंचा 498/500

पुनर्मूल्यांकन के दौरान बायोलॉजी विषय में आदित्य के अंक 96 से बढ़कर 99 हो गए। इसके बाद उनके कुल अंक 500 में 498 हो गए। इससे पहले आदित्य झारखंड राज्य के टॉपर थे, लेकिन संशोधित परिणाम के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल कर लिया।

कानपुर की सोनाक्षी गोयल के साथ साझा किया पहला स्थान

नए परिणाम के अनुसार आदित्य मिश्रा ने कानपुर की छात्रा सोनाक्षी गोयल के साथ संयुक्त रूप से सीबीएसई 12वीं साइंस स्ट्रीम में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल डीपीएस बोकारो बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय बन गई है।

विद्यालय प्रबंधन ने जताई खुशी

डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार ने आदित्य को सम्मानित करते हुए कहा कि यह विद्यालय, बोकारो और पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने आदित्य की मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना चाहते हैं आदित्य

आदित्य मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज और मानवता की सेवा करना है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय, शिक्षकों और जिले भर में खुशी का माहौल है।

More From Author

जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ने व्यापारियों के बीच बांटे 7 लाख रुपये के सिक्के, छोटे सिक्कों की कमी से मिलेगी राहत

जेएससीए स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान बेकाबू हुई भीड़, वेस्ट गेट पर भगदड़; कई घायल, गेट में तोड़फोड़