आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णापुर राहरगोड़ा के समीप बीती रात करीब 1 बजे रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
एनआईटी में टाइल्स मिस्त्री का काम करता है युवक
घायल युवक की पहचान आकाश कुमार ठाकुर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रांची का रहने वाला है और उसके पिता का नाम गोपाल ठाकुर बताया गया है। जानकारी के अनुसार, आकाश एनआईटी में टाइल्स मिस्त्री के रूप में काम करता है।
पैर और कंधे में गंभीर चोट
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में युवक के दाहिने पैर और कंधे के पास गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद आरआईटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक रेलवे ट्रैक किस परिस्थिति में पार कर रहा था।
