जमशेदपुर में नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 8 केंद्रों पर 4 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

जमशेदपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 4 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की संभावना न रहे।

हर परीक्षा केंद्र पर तैनात रहेगा पुलिस बल

इस संबंध में एएसपी ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। केंद्रों के बाहर और आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे।उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी सुचारु

जिला प्रशासन ने परीक्षा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने की तैयारी की है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

सीसीटीवी से होगी निगरानी, होटल और लॉज भी प्रशासन की रडार पर

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा जिले के होटल और लॉज में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल कराने के प्रयास या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

सरायकेला: नीमडीह की बामणी नदी में अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद, 3 गिरफ्तार