गोलमुरी जॉगर्स पार्क में काली पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न , गिटार के आकार में बनेगा पंडाल

Views: 1

जमशेदपुर: गोलमुरी जॉगर्स पार्क स्थित श्री श्री काली पूजा समिति, नव युवक चेतना मंच की ओर से आगामी काली पूजा के भव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में पूजा पंडाल का भूमि पूजन रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मां काली की आराधना कर पूजा के सफल आयोजन की कामना की गई।भूमि पूजन का अनुष्ठान पंडित राकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न कराया। इस अवसर पर गोलमुरी मंडल भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने भी विधिवत पूजा-अर्चना कर मां काली से आशीर्वाद मांगा।

गिटार के आकार में बनेगा भव्य पूजा पंडाल

पूजा समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि समिति हर वर्ष श्रद्धा, भक्ति और कलात्मकता के अनूठे संगम के साथ मां काली की पूजा का आयोजन करती है। पूजा पंडाल की भव्यता और आकर्षक सजावट के कारण समिति के आयोजन ने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को गिटार की आकर्षक आकृति में तैयार किया जाएगा। इसकी विशेष बनावट जमशेदपुर के पूजा पंडालों के बीच अलग पहचान बनाएगी। पंडाल की भव्य सजावट के साथ मां काली की प्रतिमा भी विशेष और आकर्षक स्वरूप में स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी।

दो दिनों तक श्रद्धालुओं के बीच बांटा जाएगा महाप्रसाद

समिति के मुख्य संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए लगातार दो दिनों तक महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक भक्तों तक मां का प्रसाद पहुंचाना है, ताकि वे पूजा में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें।

मातृशक्ति के सम्मान में होगा पंडाल का उद्घाटन

इस वर्ष पूजा पंडाल का उद्घाटन समाज में मातृशक्ति के सम्मान और सेवा भाव को समर्पित रहेगा। समिति की ओर से सदस्यों के परिवारों की महिलाओं के साथ वृद्धाश्रम की माताओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा। इन्हीं माताओं के हाथों पूजा पंडाल का उद्घाटन कराने की योजना है।इसके अलावा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं को भी उद्घाटन समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। समिति का मानना है कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया जाना चाहिए।

श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील

पूजा समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में समरसता, सेवा और मातृशक्ति के प्रति आदर की भावना को मजबूत करना है।समिति की ओर से शहरवासियों और सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां काली के दर्शन करने और इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।

More From Author

रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा दूसरे दिन भी जारी, दुलमी की महिला अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा

ब्रह्मलोक धाम में भगवान ब्रह्मानंद जी का 98वां जन्मोत्सव, 50 जोड़े विवाह बंधन में बंधे