जमशेदपुर : सरयू राय से मंगलवार को बिरसानगर पीएम आवास योजना के 100 से ज्यादा लाभार्थियों ने मुलाकात की। लाभुकों ने विधायक से आग्रह किया कि 31 मई तक उनके नाम आवंटित फ्लैट की चाबी दिलवाई जाए।सरयू राय ने लाभार्थियों को भरोसा दिलाया कि वह लगातार इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत हैं। उन्होंने लोगों के सामने ही झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से फोन पर बातचीत कर जल्द चाबी दिलाने का आग्रह किया।
मंत्री बोले- 10 से 15 दिन आगे-पीछे हो सकता है काम
फोन पर बातचीत के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि उन्हें अपना वादा याद है, लेकिन प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण काम में 10-15 दिन का समय आगे-पीछे हो सकता है।इस पर सरयू राय ने साफ कहा कि यदि 31 मई तक लाभुकों को फ्लैट की चाबी नहीं मिली तो वह 1 जून से डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे।
ड्रेनेज और सड़क निर्माण बना बड़ी बाधा
सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन ड्रेनेज का काम अधूरा होने के कारण चाबी वितरण में देरी हो रही है।उन्होंने कहा कि जेएनएसी ने पहले एक महीने में ड्रेनेज कार्य पूरा करने का भरोसा दिया था। फिलहाल एक ड्रेनेज बनकर तैयार हो चुका है, जबकि दूसरे को पूरा होने में करीब 15 दिन और लग सकते हैं।वहीं, सड़क निर्माण को लेकर जुडको अधिकारियों ने बताया कि टाटा स्टील का स्लैग जमा होने के कारण दिक्कतें आ रही थीं। फिलहाल सड़क को चलने लायक बना दिया गया है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही स्थायी सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
बिजली मीटर को लेकर भी सामने आई विसंगति
बिजली कनेक्शन को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। बिजली विभाग का कहना है कि 192 घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लाभार्थियों का दावा है कि केवल 85 घरों में ही मीटर लगे हैं।सरयू राय ने कहा कि वह बुधवार सुबह मौके पर जाकर खुद स्थिति का निरीक्षण करेंगे।
अपात्र लोगों को फ्लैट आवंटन का आरोप
सरयू राय ने बताया कि उन्हें ऐसी शिकायतें भी मिल रही हैं कि जिन लोगों के पास पहले से मकान हैं, उन्हें भी पीएम आवास योजना के तहत फ्लैट आवंटित कर दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि यह योजना बेघर लोगों के लिए है, इसलिए पूरे मामले की जांच जरूरी है।
“लाभार्थियों पर बैंक लोन और किराए का दोहरा बोझ”
विधायक ने कहा कि लाभुकों पर बैंक ऋण और किराए का दोहरा बोझ बढ़ता जा रहा है। इसलिए उनकी प्राथमिकता जल्द से जल्द लोगों को फ्लैट की चाबी दिलाना है।उन्होंने दोहराया कि यदि 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो 1 जून को वह डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे।
