Views: 1
गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर जंगल में रविवार सुबह पेड़ से लटका एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ से लटका युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।
युवक की पहचान में जुटी पुलिस
आसपास के ग्रामीणों ने मृतक को पहचानने से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि मौत के कारणों के संबंध में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
