कांड्रा रेलवे लाइन के किनारे अज्ञात युवक का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

कांड्रा: कांड्रा थाना क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप के सामने रेलवे लाइन के किनारे शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है । शव रेलवे के पोल संख्या 389/S11 और S13 के बीच मिला। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसके सिर के दाहिने हिस्से में चोट के निशान पाए गए हैं।

गुड्स ट्रेन के चालक ने दी शव पड़े होने की सूचना

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे एक गुड्स ट्रेन के चालक ने अप लाइन के बीच शव पड़े होने की सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही कांड्रा आरपीएफ की टीम रात में मौके पर पहुंची।रेलवे परिचालन को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ ने शव को अप लाइन के बीच से हटाकर रेलवे लाइन के किनारे कर दिया। इसके बाद शनिवार सुबह स्थानीय थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सुबह मौके पर पहुंची कांड्रा थाना पुलिस

शनिवार सुबह कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने युवक की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक रेलवे लाइन तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

ट्रेन की चपेट में आने या अन्य कारण से मौत? जांच जारी

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या किसी अन्य कारण से। सिर के दाहिने हिस्से में चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान भी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।

More From Author

टिनप्लेट कंपनी हादसे में मृत परिजन के समर्थन में धरने के दौरान कांग्रेस-भाजपा नेता आपस में उलझे, 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग