चांडिल:एनएच 33 पर कोलकाता से रांची जा रही यात्री बस पलटी, 20 से अधिक घायल

चांडिल :टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (33) पर शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत झाबरी के पास कोलकाता से रांची की ओर जा रही ‘शिवम’ नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। वारदात के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया।

तड़के 4 बजे हुआ हादसा; यात्रियों में मची चीख-पुकार

दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे की बताई जा रही है। यात्रियों के अनुसार, झाबरी के पास सड़क किनारे बने गड्ढे के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार बस लहराते हुए गड्ढे में जा पलटी।हादसे के वक्त बस में करीब 30 से 32 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही अंदर फंसे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

चौका थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया राहत अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे।पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त बस के शीशे और दरवाजे तोड़कर घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।मामूली रूप से चोटिल कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहनों की व्यवस्था कर रांची और अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हो गए।

बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त; चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे में शिवम बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना के बाद मौका पाकर भाग निकले चालक की तलाश में चौका थाना पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की तकनीकी जांच कर रही है।

More From Author

जमशेदपुर में मद्रासी सम्मेलनी का 24वां बुक ग्रांट समारोह, जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटे 2.33 लाख रुपये