सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, हिल व्यू अस्पताल में ली अंतिम सांस

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सोरेन परिवार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं-कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।रूपी सोरेन लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें 18 सितंबर को हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी और उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था।

शिबू सोरेन की पत्नी थीं रूपी सोरेन

रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक संरक्षक दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी थीं। वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां थीं। उनके निधन की सूचना सामने आने के बाद राज्य के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचे थे सीएम

रूपी सोरेन की तबीयत बुधवार को गंभीर होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे थे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री लगातार चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे थे। हालत बिगड़ने के बाद कई मंत्री भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जानने पहुंचे थे।

कैबिनेट बैठक पहले ही हो गई थी स्थगित

मां की तबीयत गंभीर होने के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे। बुधवार शाम झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी पहले ही स्थगित कर दी गई थी।

More From Author

जमशेदपुर: जम्बू अखाड़ा (महिला विंग) आयोजित करेगा भव्य 108 कन्या पूजन सह शस्त्र पूजन, 20 अक्टूबर को गूंजेगा चंडी पाठ और ढाक का बाजा

जमशेदपुर बिंदल मॉल फायरिंग केस में पांच गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल