जमशेदपुर में प्रेम प्रसंग पर विवाद, महिला पर चाकू से हमला करने की कोशिश के बाद युवक ने खुद को किया घायल

जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक के खुद को चाकू से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना बोरा फैक्ट्री के पास सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, महिला से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर युवक ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद राहगीरों ने समय रहते बीच-बचाव कर महिला को बचा लिया। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया।

पुलिस ने घायल युवक को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घायल युवक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के रहड़गोड़ा निवासी 45 वर्षीय विजय टोपनो के रूप में हुई है।

नौ वर्षों से संपर्क में होने का युवक का दावा

विजय टोपनो के अनुसार, वह करीब नौ वर्षों से सरजामदा के लापुंग टोला निवासी एक महिला के संपर्क में था। शुक्रवार सुबह वह महिला से मिलने बोरा फैक्ट्री के पास पहुंचा था। महिला के ड्यूटी पर जाने के दौरान दोनों के बीच बातचीत को लेकर विवाद हो गया।युवक का दावा है कि पिछले दो-तीन दिनों से महिला उससे बातचीत नहीं कर रही थी, जिससे वह नाराज और आहत था। उसने महिला के बच्चों की पढ़ाई और घर बनवाने में आर्थिक सहयोग करने का भी दावा किया है।हालांकि, युवक द्वारा बताए गए इन तथ्यों की पुलिस की ओर से स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद महिला मौके से चली गई, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस अब महिला और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और विवाद के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला पर हमला करने की कोशिश किन परिस्थितियों में हुई और युवक के खुद को घायल करने के पीछे क्या कारण था।

More From Author

टाटा स्टील यूआईएसएल को मिला जीईईएफ ग्लोबल वाटरटेक अवार्ड 2026, जल प्रबंधन में बनी ‘कंपनी ऑफ द ईयर’