छठ घाटों की बिक्री और घेराबंदी पर सख्त जिला प्रशासन, डीसी बोले- नदी किसी की जागीर नहीं

Views: 2

जमशेदपुर: स्वर्णरेखा और दोमुहानी नदी के छठ घाटों को बेचने और जगह घेरने की शिकायतों पर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट कहा है कि नदी किसी की जागीर नहीं है। छठ पूजा सभी श्रद्धालुओं का पर्व है और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि हर व्यक्ति को घाट पर पूजा करने का अवसर मिले। किसी भी हाल में छठ घाटों को घेरकर बेचने नहीं दिया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सभी नदी घाटों पर तैनात रहेगी पुलिस

उपायुक्त ने कहा कि शहर के सभी नदी घाटों पर जिला पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि जो श्रद्धालु पहले पहुंचे, वह अपनी सुविधानुसार कहीं भी पूजा कर सके। घाटों को बेचना या उन पर अवैध रूप से कब्जा करना गैरकानूनी है। जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

डीसी के निर्देश पर सिटी एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण

उपायुक्त के निर्देश के बाद सिटी एसपी ललित मीणा पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मानगो के सबसे बड़े छठ घाट का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि कोई भी व्यक्ति घाट पर अवैध रूप से कब्जा न करे और न ही किसी तरह की घेराबंदी कर श्रद्धालुओं के लिए परेशानी पैदा करे।

घाट बेचने या घेरने पर होगी कार्रवाई: सिटी एसपी

सिटी एसपी ललित मीणा ने स्पष्ट किया कि छठ घाट की घेराबंदी करने या उसे बेचने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालुओं को बिना किसी भेदभाव के नदी घाटों पर छठ पूजा करने की सुविधा मिले।जिला प्रशासन और पुलिस की इस पहल से छठ घाटों पर अवैध कब्जे और जगह की बिक्री पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से महापर्व मना सकें।

More From Author

जमशेदपुर:10 साल बाद छठ मनाने जमशेदपुर पहुंचीं टीवी अभिनेत्री पूजा सिंह, परिवार के साथ घर पर की पूजा

जमशेदपुर: झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर निकली भव्य स्वच्छता दौड़; विधायक पूर्णिमा दास साहू और सरयू राय ने लिया हिस्सा, स्वर्णरेखा घाट पर ली गई स्वच्छता की शपथ