डुमरिया: भालुकपातड़ा में 10 करोड़ की लागत से बना 30 बेड का सीएचसी ,मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी करेंगे उद्घाटन

डुमरिया। पोटका विधायक संजीव सरदार के प्रयासों से डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन मंगलवार को झारखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे। अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

डुमरिया की 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डुमरिया प्रखंड की करीब 10 पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब ग्रामीणों को सामान्य इलाज और जरूरी जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से इस तरह के स्वास्थ्य केंद्रों को विकसित किया जा रहा है।

30 बेड के साथ 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड की व्यवस्था की गई है। यहां मरीजों को विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग की जांच एवं उपचार संबंधी सेवाएं तथा किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा मिलेगी।अस्पताल में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

टीबी, मलेरिया और पीलिया की जांच की सुविधा

अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी। यहां टीबी, मलेरिया और पीलिया (जॉन्डिस) सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर जांच और स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में सहूलियत होगी तथा इलाज के लिए दूसरे शहरों या बड़े अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है।

More From Author

चाईबासा: मृत मासूम को थैले में ले जाने के मामले में एनएचआरसी की बड़ी कार्रवाई, झारखंड सरकार व डीसी को 4 सप्ताह में एक्शन टेकन रिपोर्ट सौंपने का आदेश

जमशेदपुर: उलीडीह में युवक पर हमला, परिजनों ने 25-30 युवकों पर हमले का लगाया आरोप