जमशेदपुर: बारीडीह हाई स्कूल में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस का आयोजन बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के छात्रों, शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
‘सस्टेनेबिलिटी’ पर आधारित अनोखा रैंप वॉक
कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण अभिभावकों और छोटे बच्चों के लिए आयोजित रैंप वॉक रहा। इसमें प्रतिभागियों ने पर्यावरण और प्रकृति पर आधारित वेशभूषा धारण की थी। वेशभूषा के माध्यम से स्थिरता और रिसाइकिलिंग का सशक्त संदेश दिया गया। दर्शकों ने नन्हे बच्चों और उनके माता-पिता की इस रचनात्मक प्रस्तुति की खूब सराहना की।
नाटक और कला के जरिए जागरूकता
पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता जगाने के लिए छात्रों ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं इसमें छात्रों ने नाटक के माध्यम से प्रदूषण और वनों की अंधाधुंध कटाई से होने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत किया। साथ ही, प्रकृति की रक्षा के लिए छोटे-छोटे कदमों (जैसे प्लास्टिक का कम उपयोग) के महत्व को समझाया। कार्यक्रम की शुरुआत में एक प्रेरक भाषण दिया गया, जिसमें दैनिक जीवन में ‘ईको-फ्रेंडली’ आदतों को अपनाने पर जोर दिया गया। ऊर्जावान नृत्य और सुरीले गीतों ने पूरे माहौल को प्रकृति के रंगों से भर दिया।
बच्चों ने लिया संरक्षण का वचन
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों और उपस्थित लोगों ने एक सामूहिक शपथ ली। बच्चों ने वचन दिया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनकी देखभाल करेंगे।पानी की बर्बादी रोकेंगे और बिजली की बचत करेंगे।पृथ्वी की रक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर ग्रह छोड़ेंगे।
