आदित्यपुर की ‘खाओ गली’ में फूड ऑर्डर पर खूनी संघर्ष मामले में युवक की हत्या के पांच आरोपी गिरफ्तार

Views: 8

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आयडा की ‘खाओ गली’ में दुर्गापूजा के दौरान महज 150 रुपये के फूड ऑर्डर को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई इस घटना में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दुकानदार के परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मृतक की पहचान मानगो निवासी शिखर तिर्की के रूप में हुई है। वह लाइटिंग मिस्त्री का काम करता था। घायलों की पहचान सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे के रूप में बताई गई है। तीनों का इलाज टीएमएच अस्पताल में चल रहा है।

ऑर्डर में देरी के बाद शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता सागर झा की लिखित शिकायत के अनुसार, वह अपने साथियों के साथ खाओ गली स्थित दुकान पर हाफ चाऊमीन और चिकन चिली लेने पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने 150 रुपये का अग्रिम भुगतान किया था। आरोप है कि काफी देर तक भोजन नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।बताया गया कि दुकानदार ने पैसे वापस कर दिए, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। बहस गाली-गलौज तक पहुंच गई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

चाकू से हमले में एक की मौत, तीन घायल

शिकायत के मुताबिक, सालडीह बस्ती निवासी दुकानदार के परिवार के सदस्यों पर हमला करने का आरोप है। आरोप है कि दुकानदार के बेटे ऋषभ बरुवा ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान शिखर तिर्की की मौत हो गई, जबकि सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुकानदार परिवार के पांच सदस्य गिरफ्तार

थाना प्रभारी अंजनी कुमार के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ऋषभ बरुवा, उसका भाई मोहित बरुवा, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका बरुवा और बहन मुक्ति बरुवा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू और एक कढ़ाई जब्त की है। दोनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। घटना से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।

More From Author

जमशेदपुर:”भगवान का आधार थे जो बांस, उनसे बनेगी गरीब की छत”, जमशेदपुर विसर्जन घाट से सामने आई मर्मस्पर्शी तस्वीर

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विजय नगर में बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध