गिरिडीह जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। महेशमुंडा से गिरिडीह आ रही एक टाटा मैजिक वाहन में पांडेडीह मोड़ के पास अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।


स्थानीय लोगों और दमकल की मदद से आग पर पाया गया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग कुछ ही देर में पूरे वाहन में फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
वाहन पूरी तरह जलकर खाक
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की चपेट में आने से टाटा मैजिक पूरी तरह जलकर खाक हो गई और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वाहन में आई तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
