Views: 0
जमशेदपुर। शहर में बकरी चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर में चोरों ने बकरी चोरी के लिए किसी पुराने या छोटे वाहन का नहीं, बल्कि एक लग्जरी कार का इस्तेमाल किया। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।घटना के बाद बकरी मालिक ने परसुडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
चारा खाने के लिए खुली छोड़ी गई थीं बकरियां
जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी उमानाथ प्रमाणिक ने अपनी चार बकरियों को चारा खाने के लिए खुला छोड़ा था। सभी बकरियां विद्यासागर पल्ली के एक सुनसान रास्ते के पास चर रही थीं।इसी दौरान सुबह करीब 5:10 बजे सफेद रंग की एक कार वहां पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में कार को पीछे करते हुए गली के अंदर लाते हुए देखा गया।
बकरी को बुलाया और कार में डालकर फरार
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, कार में बैठे व्यक्ति ने दरवाजा खोला और बकरी को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की। जैसे ही बकरी कार के करीब पहुंची, आरोपी ने उसे उठाकर गाड़ी के अंदर डाल दिया और मौके से फरार हो गया।बताया जा रहा है कि चोरी हुई चार बकरियों में सफेद, काली, लाल और काले-सफेद रंग की बकरियां शामिल हैं। इनमें तीन बकरियां बच्चे देने वाली थीं।
सीसीटीवी में कार का नंबर दिखने का दावा
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर JH05EF 9924 दिखाई देने का दावा किया गया है। फुटेज के आधार पर पुलिस वाहन और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।बकरी मालिक उमानाथ प्रमाणिक ने घटना की शिकायत परसुडीह थाना में दर्ज कराई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच
शिकायत मिलने के बाद परसुडीह पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और चोरी की गई बकरियों को कहां ले जाया गया।
‘क्या अब बकरी चोर भी हाईटेक हो गए?’
लग्जरी कार से बकरी चोरी की इस घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। जिस तरीके से वाहन को सुनसान गली में ले जाकर बकरी को निशाना बनाया गया, उससे लोगों को आशंका है कि आरोपी पहले से इलाके की रेकी कर सकते हैं।अब देखना होगा कि लग्जरी कार से बकरी चोरी करने वाले आरोपियों तक पुलिस कब तक पहुंचती है और चोरी हुई चारों बकरियां बरामद हो पाती हैं या नहीं।
