जमशेदपुर। गोविंदपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डुमरिया निवासी एक व्यक्ति को करीब 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बोलेरो वाहन में छिपाकर रखा गया 3 किलो 865 ग्राम गांजा बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने लगाया चेकिंग अभियान
पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिछले कई दिनों से गांजा की सप्लाई कर रहा है। सूचना के अनुसार आरोपी गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खखरीपाड़ा से अश्वनी चौक की ओर जाने वाला था।सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामारी दल का गठन किया और संबंधित इलाके में वाहन जांच शुरू की गई।
बोलेरो की तलाशी में मिला गांजा
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 3 किलो 865 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से डुमरिया निवासी माधव कर्मकार को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा के क्योंझर से गांजा लाने की बात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के क्योंझर से गांजा खरीदकर लाता था। इसके बाद गांजा को छोटी-छोटी पुड़िया में तैयार कर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने का आरोप है।पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी माधव कर्मकार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
