जमशेदपुर: राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मत्स्य कार्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के मत्स्य पालकों, मत्स्य मित्रों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। साथ ही मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठ मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच 1 करोड़ 60 लाख मत्स्य स्पॉन का वितरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू थीं, जबकि जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मत्स्य निदेशालय, रांची से उप मत्स्य निदेशक मनोज कुमार ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में जिला मत्स्य पदाधिकारी अलका पन्ना, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, बड़ी संख्या में मत्स्य पालक, मत्स्य मित्र और महिला उद्यमी भी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक अपनाने पर दिया गया जोर
उप मत्स्य निदेशक मनोज कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने मत्स्य पालन को स्वरोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
वैज्ञानिक मत्स्य पालन से बढ़ेगी किसानों की आय
मुख्य अतिथि बारी मुर्मू और विशिष्ट अतिथि पंकज सिन्हा ने मत्स्य पालकों को वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मत्स्य मित्रों और महिला उद्यमियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में नमिता नन्दी, पार्वती हांसदा, दीपाली महतो, राजन कुमार सिन्हा, स्वप्न कुमार कैवर्त, प्रधनचन्द महतो और वीरसिंह बेसरा शामिल रहे।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं, उत्पादन बढ़ाने की तकनीकों तथा रोजगार सृजन के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
