जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर समाजसेवी हाजी फिरोज खान ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मानगो के लगभग हर वार्ड में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है और नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


बारिश के मौसम में बढ़ा बीमारियों का खतरा
हाजी फिरोज खान ने कहा कि बरसात के मौसम में साफ-सफाई की व्यवस्था और भी बेहतर होनी चाहिए, लेकिन मानगो के कई इलाकों में गंदगी और जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इससे मौसमी बीमारियों के साथ डेंगू जैसी गंभीर बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है।उन्होंने कहा कि समय पर कचरे का उठाव और नालियों की सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
मेयर और अधिकारियों को बताया जिम्मेदार
समाजसेवी ने मानगो नगर निगम की मौजूदा व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए मेयर, डिप्टी मेयर और नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम को सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है, ताकि बरसात में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
नगर निगम अधिकारियों से मिलेंगे हाजी फिरोज खान
हाजी फिरोज खान ने कहा कि वह जल्द ही मानगो नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की समस्या को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से सभी वार्डों में नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
