जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर चाकू और चापड़ से हमला कर करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में नवपदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच की प्रगति की जानकारी दी।
10 नामजद आरोपियों में 5 गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में 10 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें से अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में 3 नाबालिग हैं, जिन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत निरुद्ध किया गया है।
2 लाख के इनामी आरोपी समेत फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसएसपी ने कहा कि 2 लाख रुपये के इनामी मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चापड़बाजी की घटनाओं पर भी होगी सख्ती
शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं पर एसएसपी ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस जल्द ही ठोस कदम उठाएगी।
भाजपा के बंद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
3 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुलाए गए जमशेदपुर बंद को लेकर एसएसपी ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
