रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रक ने सवारी वाहन को मारी टक्कर, 7 लोगों की मौत

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास हुआ, जहां कोयला लदे एक ट्रक ने सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं मृतक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े हुए थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

7 लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।

क्षेत्र में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

धनबाद में नौकरी के लालच में बेटे ने कराई पिता की हत्या! बीसीसीएल नौकरी पाने के लिए 10 लाख की सुपारी देने का आरोप

जमशेदपुर : हलुदबानी के अभिनाश तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव