Views: 2
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल से गुजरने वाले एनएच-32 पर बहुप्रतीक्षित जामडीह रेलवे ओवरब्रिज शनिवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से ओवरब्रिज का शुभारंभ किया। इसके चालू होने से पुरुलिया के रास्ते धनबाद और बोकारो की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पितकी ओवरब्रिज के बाद जामडीह पुल भी चालू
करीब एक माह पहले इसी मार्ग पर पितकी रेलवे ओवरब्रिज को आम लोगों के लिए खोला गया था। अब जामडीह रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और ट्रेनों के गुजरने के दौरान होने वाले लंबे इंतजार से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। खासकर धनबाद, बोकारो और पुरुलिया की ओर जाने वाले लोगों का सफर पहले की तुलना में सुगम होने की उम्मीद है।
स्कूल भवन और फुट ओवरब्रिज की मांग पर सड़क पर उतरे बच्चे

ओवरब्रिज के शुभारंभ के दौरान जामडीह में एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली। स्थानीय स्कूली बच्चों ने स्कूल भवन और फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। सांसद संजय सेठ ने बच्चों को समझाकर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे अपनी मांग पर अड़े रहे।बच्चों का कहना था कि उनका विद्यालय फिलहाल अस्थायी रूप से छऊ कला केंद्र में संचालित हो रहा है। उनका दावा है कि स्कूल भवन निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का फंड उपलब्ध होने के बावजूद अब तक भवन नहीं बनाया गया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सांसद और विधायक के खिलाफ हाय-हाय के नारे भी लगाए।
सांसद और विधायक ने मीडिया से नहीं की बात
इस मामले में सांसद संजय सेठ और स्थानीय विधायक सविता महतो का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने मीडिया से बात नहीं की और वहां से चले गए।
अंचल अधिकारी के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
नीमडीह अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी के आश्वासन के बाद बच्चों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। अंचल अधिकारी ने बताया कि यह समस्या उनके संज्ञान में है। उपायुक्त के निर्देश पर स्कूल के लिए स्थल चिह्नित कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण स्कूल भवन का निर्माण शुरू नहीं हो सका था। अब सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, इसलिए जल्द ही स्कूल भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।अंचल अधिकारी ने यह भी कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करना उचित है, लेकिन बच्चों को इस तरह सड़क पर बैठाना और उन्हें आंदोलन में शामिल करना उचित नहीं है। इस मामले की जांच कराई जाएगी।जामडीह रेलवे ओवरब्रिज का चालू होना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, स्कूल भवन और फुट ओवरब्रिज की मांग को लेकर बच्चों के प्रदर्शन ने क्षेत्र में शिक्षा और सुरक्षित आवागमन से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा भी सामने ला दिया है।
