Views: 0
जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जमशेदपुर पुलिस ने बिरसानगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में लिप्त तीन युवकों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर (29 पुड़िया), तीन मोबाइल फोन और ₹1300 नकद बरामद किए हैं।शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने इस सफल कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम
सिटी एसपी ने बताया कि त्योहारों के मौसम में शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया था।इस टीम का नेतृत्व नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीत कुमा कर रहे थे। 22 अक्टूबर की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-03 स्थित निपर श्रुति गार्डेन के पास कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
तलाशी के दौरान पुलिस ने तीनों युवकों के पास से कुल 5.07 ग्राम वजन की 29 पुड़िया ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन तथा ₹1300 नकद जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास दास— निवासी: जोन नंबर-03, निपर श्रुति गार्डेन, बिरसानगर,आकाश दास— निवासी: जोन नंबर-03, निपर श्रुति गार्डेन, बिरसानगर और रोशन मुंडा उर्फ गुड्डा — निवासी: जोन नंबर-03, निपर श्रुति मंदिर के पास, बिरसानगर के रूप में हुई है।
पूर्व में भी दर्ज हैं चोरी व एनडीपीएस के मामले
पुलिस पड़ताल में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। तीनों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
