जमशेदपुर:सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रतिष्ठित टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान चैम्बर के पदाधिकारियों ने संस्थान में छात्रों को दिए जा रहे अत्याधुनिक तकनीकी और व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही, प्रशिक्षण व्यवस्था को वर्तमान समय के औद्योगिक मानदंडों और आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सशक्त व रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
रोबोटिक्स और सीएनसी मशीनिंग के आधुनिक प्रशिक्षण की सराहना
सिंहभूम चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने संस्थान के दौरे के बाद बताया कि कुछ दिनों पूर्व संस्थान प्रबंधन द्वारा चैम्बर को भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया था।भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पाया कि संस्थान में छात्रों को बेहद आधुनिक और व्यवस्थित तरीके से इलेक्ट्रिकल पैनलिंग, सीएनसी मशीन प्रशिक्षण, और रोबोटिक्स जैसे भविष्य के तकनीकी क्षेत्रों में व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाया जा रहा है। तीन वर्षीय इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को किताबी ज्ञान से दूर, सीधे उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप एक कुशल तकनीशियन के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो सराहनीय है।
“राज्य के अन्य जिलों में भी खुले ऐसे संस्थान” — मानव केडिया
चैम्बर अध्यक्ष ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि झारखंड के औद्योगिक विकास के लिए ऐसे संस्थानों का विस्तार होना आवश्यक है। “यदि टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट की तर्ज पर अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना जमशेदपुर के साथ-साथ राज्य के अन्य औद्योगिक जिलों में भी की जाए, तो स्थानीय उद्योगों को आसानी से दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। इससे न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में भी भारी वृद्धि होगी।”उन्होंने घोषणा की कि सिंहभूम चैम्बर भविष्य में इस संस्थान के एक सक्रिय सहयोगी के रूप में कार्य करने का इच्छुक है, ताकि मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को पाटकर प्रशिक्षित युवाओं को स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में बेहतर प्लेसमेंट दिलाया जा सके।
देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में मिल रहा है रोजगार
भ्रमण के दौरान टाटा टेक्नीकल इंस्टीच्यूट के प्रबंधन ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि यहाँ से पास आउट होने वाले विद्यार्थियों को न केवल भारत, बल्कि विदेशों के भी कई नामचीन और प्रतिष्ठित औद्योगिक घरानों में रोजगार के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं। संस्थान ने चैम्बर को आश्वस्त किया कि वे अपने विभिन्न चालू व आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी समय-समय पर सिंहभूम चैम्बर को उपलब्ध कराते रहेंगे, ताकि चैम्बर से जुड़े औद्योगिक संस्थान अपनी जरूरत के हिसाब से सीधे होनहार विद्यार्थियों का चयन (कैंपस सिलेक्शन) कर सकें।
भ्रमण में शामिल रहे शहर के ये गणमान्य उद्यमी और अधिकारी
इस महत्वपूर्ण औद्योगिक दौरे के दौरान सिंहभूम चैम्बर और टाटा स्टील फाउंडेशन के कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे जिसमें सिंहभूम चैम्बर टीम से अध्यक्ष मानव केडिया के साथ मानद महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया, मनोज गोयल, आकाश मोदी, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, रोहित केडिया, सुनील बागरोदिया, राजीव अग्रवाल, विशाल अग्रवाल और पंकज जी और टाटा स्टील फाउंडेशन टीम से हेड (स्किल डेवलपमेंट) कैप्टन अमिताभ, लीड (डिसएबिलिटी) कुमार गौरव एवं मैनेजर (स्किल डेवलपमेंट) शिप्रा पाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।
