Views: 5
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श नगर बस्ती में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिल्डिंग मटेरियल लदे एक तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बिजली के दो पोल अचानक जमीन पर आ गिरे। गनीमत यह रही कि पोल गिरते ही बिजली की आपूर्ति तुरंत ठप हो गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हाईटेंशन तार वाले पोल गिरने से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सुबह का वक्त था और आसपास काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी थी।हाईवा की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उस पर हाईटेंशन तार लगे बिजली के दो भारी-भरकम पोल धराशायी हो गए।पोल गिरने के साथ ही बिजली कट जाने से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, वरना करंट की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बस्ती में भारी वाहनों के प्रवेश पर भड़के लोग
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को घेर लिया और बस्ती के भीतर भारी वाहनों के बेरोक-टोक परिचालन पर कड़ा सवाल उठाया।ग्रामीणों का कहना है कि संकरी बस्तियों में भारी वाहनों के प्रवेश से हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिस पर प्रशासन को रोक लगानी चाहिए।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हंगामे की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा समेत अन्य संबंधित वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई है।दो पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण आदर्श नगर इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिसे दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग की टीम जुट गई है।पुलिस स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर मामले की जांच में जुटी है।
