जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की एक हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के तमाम बड़े प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल, लंबित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासनिक सफलता विभागों के बेहतर तालमेल पर निर्भर करती है, इसलिए अधिकारी दफ्तरों से निकलकर धरातल पर काम दिखाएं।
मंईयां सम्मान योजना: बैंक शाखाओं को निर्देश, नहीं कटवाने होंगे दफ्तरों के चक्कर
बैठक में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ को लेकर उपायुक्त ने बेहद संवेदनशील रुख अपनाया। डीसी ने निर्देश दिया कि योजना की लाभुक महिलाओं की एनपीसीआई मैपिंग का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए ताकि उनके खाते में राशि ट्रांसफर होने में कोई तकनीकी दिक्कत न आए।अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि वे सभी प्रखंडों (ब्लॉक्स) में बैंक शाखाओं के साथ सीधा समन्वय बनाएं और मैपिंग प्रक्रिया को तेज करें, ताकि महिलाओं को अनावश्यक रूप से प्रखंड कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
सर्वजन पेंशन का भौतिक सत्यापन और मनरेगा जॉब कार्ड का ई-वेरिफिकेशन
ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए दो बड़ी समय-सीमा तय की गई हैं। उपायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर सर्वजन पेंशन योजना के सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है ताकि फर्जीवाड़े पर रोक लग सके।मनरेगा योजना के तहत जारी सभी जॉब कार्डों का ई-वेरिफिकेशन कार्य 1 जुलाई 2026 से पहले हर हाल में पूर्ण करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा आवास योजना के योग्य लाभुकों का चयन ग्राम सभा के अनुमोदन से पूरी पारदर्शिता के साथ करने को कहा गया है।
सिविल सर्जन कार्यालय में बनेगी पार्किंग (अधिकतम ₹10 शुल्क), एमजीएम अस्पताल को रफ्तार
शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए भी बड़े निर्णय लिए गए। सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। उपायुक्त ने इसकी टेंडर प्रक्रिया तुरंत शुरू करने का निर्देश देते हुए सख्त हिदायत दी कि आम जनता से लिया जाने वाला पार्किंग शुल्क अधिकतम 10 रुपये ही निर्धारित किया जाए। एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों में आ रही सुस्ती को दूर करने के लिए भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और एमजीएम के प्राचार्य को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर बाधाओं को तुरंत दूर करने का जिम्मा सौंपा गया है।
पारडीह से बहरागोड़ा तक वाहनों की रफ्तार पर कड़ा पहरा
सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर जिला प्रशासन ने एनएचएआई और जिला परिवहन पदाधिकारी को संयुक्त एक्शन प्लान बनाने का निर्देश दिया। पारडीह से लेकर बहरागोड़ा तक के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को चिन्हित कर वहां वाहनों की गति सीमा तय करने और उसकी आधुनिक उपकरणों से सख्त निगरानी करने को कहा गया है, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाले सड़क हादसों और मौतों में कमी लाई जा सके। सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और वेस्ट-टू-आर्ट पार्क (कूड़े से कलाकृति पार्क) के निर्माण के लिए जल्द से जल्द सरकारी भूमि उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
बैठक का समापन एक सामाजिक संदेश के साथ हुआ। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशापान के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में डीसी श्री राजीव रंजन ने स्वयं और उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई, जहां सभी ने समाज को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराने का संकल्प लिया।
बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण जिला समन्वय समिति की बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री सबा आलम अंसारी, उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी( धालभूम) श्री अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी श्री राहुल जी आनंद जी, और अपर उपायुक्त श्री अनुराग तिवारी सहित सभी अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
