जमशेदपुर: भाजयुमो छात्र सम्मेलन में शशांक राज ने युवाओं से किया राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान

जमशेदपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर आयोजित छात्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।अपने संबोधन में शशांक राज ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी एक महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

शशांक राज ने विद्यार्थियों से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज व राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है और यदि छात्र सही दिशा में आगे बढ़ें तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।

डॉ. मुखर्जी के विचारों पर हुई चर्चा

सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों, उनके विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने राष्ट्रहित, सामाजिक सेवा और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन भारत माता के जयघोष और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

More From Author

जमशेदपुर: श्यामा प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, अनुशासन और संस्कार पर दिया गया जोर

रांची: जेपीएससी 14वीं सिविल सर्विस पीटी रिजल्ट आते ही भड़की बीजेपी; प्रतुल शाहदेव बोले— ‘झारखंड परीक्षा संकट आयोग’ बन चुका है जेपीएससी ,सीबीआई जांच की मांग

Recent News