जमशेदपुर: बिरसानगर में ब्लींकीट डिलीवरी वर्करों का जोरदार प्रदर्शन; घटती कमाई और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर जताई नाराजगी

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘ब्लींकीट’ के लिए डिलीवरी का काम करने वाले युवाओं का आक्रोश सोमवार को सड़कों पर देखने को मिला। कम कमाई, घटते ऑर्डर और कंपनी द्वारा बुनियादी सामाजिक-सुरक्षा सुविधाएं न दिए जाने से नाराज लगभग 60 से 70 डिलीवरी वर्करों ने बिरसानगर के गुड़िया मैदान में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।कर्मचारियों का कहना है कि जोखिम उठाकर दिन-रात मेहनत करने के बावजूद उनकी मजदूरी में कोई सुधार नहीं हो रहा है, जिससे महंगाई के इस दौर में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।

80 रुपये से घटकर 40 रुपये प्रति घंटा हुई कमाई; ऑर्डर के लिए लंबा इंतजार

प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी वर्करों ने अपनी गिरती आमदनी और कंपनी की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए। डिलीवरी वर्करों ने बताया कि शहर में डिलीवरी बॉयज की संख्या तो लगातार बढ़ाई जा रही है, लेकिन पुराने वर्करों के ऑर्डर में भारी कटौती हो गई है। पहले जहां औसतन प्रति घंटे 80 से 90 रुपये की कमाई हो जाती थी, वहीं अब यह घटकर मात्र 40 से 50 रुपये प्रति घंटे रह गई है। घंटों सड़क या हब के बाहर ऑर्डर के इंतजार में बैठने के बावजूद पर्याप्त आमदनी नहीं हो पा रही है। युवाओं ने कहा कि कागजों पर रोजगार में होने के बावजूद वे खुद को बेरोजगार महसूस कर रहे हैं।

इंश्योरेंस, सेफ्टी किट और लिखित अनुबंध का अभाव

डिलीवरी वर्कर जॉनी मशीह व अन्य प्रदर्शनकारी साथियों ने आरोप लगाया कि कंपनी उनसे कड़ा और जोखिम भरा काम तो ले रही है, लेकिन उन्हें कोई वैधानिक सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा रही है उन्होंने कहा की ऑन-ड्यूटी दुर्घटना की स्थिति में स्वास्थ्य बीमा और सुरक्षा उपकरण/सेफ्टी किट तुरंत मुहैया कराए जाएं।कंपनी में कार्य करने से संबंधित लिखित जॉइनिंग लेटर/अनुबंध दस्तावेज और आधिकारिक सेफ्टी कार्ड दिए जाएं। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल के खर्च को देखते हुए प्रति ऑर्डर बेस पे और इंसेंटिव दर में सम्मानजनक बढ़ोतरी की जाए।

“समस्याओं का हो समाधान, पूरी लगन से करेंगे काम”

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य काम को बाधित करना नहीं, बल्कि अपने हक की आवाज उठाना है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि उनकी बुनियादी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए।कर्मचारियों ने कहा कि यदि ब्लींकीट प्रबंधन उनकी मेहनत के अनुसार उचित भुगतान और सुरक्षा की गारंटी देता है, तो वे पूरी निष्ठा और लगन के साथ अपनी सेवाएं जारी रखने को तैयार हैं।

More From Author

जमशेदपुर: किस्तों पर अवैध पिस्टल खरीदने का खुलासा, एक गिरफ्तार; तीन नाबालिग निरुद्ध

चाईबासा में धूमधाम से मनी महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती, भजनों से भक्तिमय हुआ पिल्लई हॉल