जमशेदपुर: मेयर सुधा गुप्ता और विधायक सरयू राय के बीच विवाद थमा, महिला कांग्रेस ने समाप्त किया आंदोलन

जमशेदपुर में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रहा राजनीतिक विवाद फिलहाल थम गया है। बुधवार को महिला कांग्रेस नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर इस पूरे विवाद को समाप्त करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने विधायक सरयू राय से भविष्य में किसी भी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करने की अपील भी की।

सरयू राय के बयान के बाद शुरू हुआ था विवाद

विवाद की शुरुआत उस समय हुई थी, जब कुछ दिन पहले विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम कार्यालय के बाहर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान अपने संबोधन में मेयर सुधा गुप्ता पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह प्रतिदिन अपने मेकअप पर हजारों रुपये खर्च करती हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया था और महिला कांग्रेस ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी थी।

मेयर के सुझाव पर विवाद समाप्त करने का फैसला

महिला कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मेयर सुधा गुप्ता के सुझाव पर संगठन ने विवाद को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया। प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा और प्रदेश नेत्री अपर्णा गुहा ने कहा कि विधायक सरयू राय उनके अभिभावक के समान हैं और वे उनसे महिलाओं, विशेषकर बेटी-बहुओं एवं महिला जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक भाषा के प्रयोग की अपेक्षा करती हैं।

माफी नहीं, सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा

महिला नेताओं ने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस विधायक सरयू राय से माफी की मांग नहीं कर रही है। उनका केवल यह अनुरोध है कि भविष्य में ऐसी कोई टिप्पणी न की जाए, जिससे महिलाओं की गरिमा और सार्वजनिक जीवन में उनका सम्मान प्रभावित हो।उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान और मर्यादा का ध्यान रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

More From Author

विश्व टाइगर दिवस: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बच्चों ने लिया बाघ संरक्षण का संकल्प, डीएफओ सबा आलम ने किया जागरूक

जमशेदपुर: भुइयाडीह की इंद्रानगर-कल्याणनगर बस्ती में अतिक्रमण हटाने की आशंका, विधायक पूर्णिमा साहू से मिले बस्तीवासी