Views: 0
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की डिस्ट्रिक्ट पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की सातवीं बैठक सर्किट हाउस (परिसदन) के कॉन्फ्रेंस रूम में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक राजेश तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शशिभूषण राय उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली की सफलता और जिले में इस अभियान को व्यापक जनांदोलन का रूप देना था।
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का निर्णय
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना अनिवार्य है। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली का आयोजन किया जा रहा है।इस अभियान को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखकर, इसे प्रखंड, मंडल, पंचायत और गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
चौपाल और नुक्कड़ सभाओं के जरिए होगा जनसंवाद
विशिष्ट अतिथि शशिभूषण राय और पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से चौपाल, नुक्कड़ सभा और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज रहने की अनिवार्यता समझाई जा सके।पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने बूथ लेवल एजेंट से पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने भी बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
