जमशेदपुर: ब्राउन शुगर सिंडिकेट का अंतिम फरार आरोपी मो. ईमरान गिरफ्तार, 13 महीने से था पुलिस की रडार पर

जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जुगसलाई थाना क्षेत्र से जुड़े एक बड़े ड्रग मामले में एकमात्र फरार आरोपी मो. ईमरान (46 वर्ष) को पुलिस ने जुगसलाई फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

13 महीने बाद पुलिस की गिरफ्त में

मो. ईमरान जुगसलाई थाना कांड संख्या 21/2025 का वांछित आरोपी था। 27 फरवरी 2025 को पुलिस ने ब्राउन शुगर की एक बड़ी खेप बरामद की थी, जिसमें ईमरान पर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पिछले लगभग 13 महीनों से अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बच रहा था। नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में बनी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

ड्रग सिंडिकेट का हुआ ‘क्लीन स्वीप’

यह मामला जमशेदपुर में ड्रग्स की सप्लाई चेन तोड़ने के लिहाज से पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक रहा है। पुलिस इस कांड में मुख्य सरगना अब्दुल हामिद समेत कुल 15 आरोपियों को पहले ही 143 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ जेल भेज चुकी है। अन्य दो आरोपियों को दूसरे मामलों में गिरफ्तारी के बाद इस केस में रिमांड पर लिया गया था। अब तक कुल 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी थी।मो. ईमरान इस मामले का अंतिम फरार आरोपी था। उसकी गिरफ्तारी के बाद इस पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियां जुड़ गई हैं।

पुलिस का कड़ा रुख

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी मो. ईमरान को विधिवत न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में ब्राउन शुगर की तस्करी और सिंडिकेट को चलाने वालों के बीच कड़ा संदेश जाएगा।

More From Author

सरायकेला: बोकारो कोषागार घोटाले के बाद अलर्ट पर प्रशासन, डीसी ने 4 घंटे तक खंगाले दस्तावेज

घाटशिला में पुलिस का बड़ा एक्शन: जन शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान, थानों का औचक निरीक्षण