जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास 19 जून की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी विपिन शुक्ला (28) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है।
फायरिंग के बाद दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात करीब 10 बजे हुई फायरिंग के बाद साकची थाना में कांड संख्या 49/2026 के तहत धारा 109, 308(4) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटनास्थल से पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया था।
विशेष टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा आरोपी
सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में तथा डीएसपी सिटी की अगुवाई में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। 21 जून को पुलिस ने विपिन शुक्ला को हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और अपने पैतृक गांव भदोही (उत्तर प्रदेश) भागने के इरादे से मानगो बस स्टैंड जा रहा था।
झाड़ियों से बरामद हुई अवैध पिस्टल
गिरफ्तार आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के दुईलाडुंगरी का निवासी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई घटना में प्रयुक्त एक अवैध देशी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद कर जब्त कर ली।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना के बाद वह फरार हो गया था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
