जमशेदपुर: श्रावण माह की दूसरी सोमवारी पर जमशेदपुर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से आयोजित दसवीं भव्य भजन संध्या में श्रद्धा, संगीत और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और देर रात तक ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।भजन संध्या में चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लक्खा, राजू सिंह अनुरागी और स्नेहा सिंह ने अपनी भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन के दौरान करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का भी आयोजन किया गया।
दीपक लक्खा की आवाज ने जीता श्रद्धालुओं का दिल
चंडीगढ़ से पहुंचे भजन गायक दीपक लक्खा ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। लखबीर सिंह लक्खा की आवाज से मिलती-जुलती आवाज में भजन प्रस्तुत करने पर श्रद्धालु अचंभित रह गए। ‘जूनियर लक्खा’ के नाम से पहचान बनाने वाले दीपक लक्खा ने ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ और ‘जय शंभू जय जय शंभू’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी।उनकी प्रस्तुति के दौरान मैदान में मौजूद श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
गणेश वंदना से हुई भजन संध्या की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत राजू सिंह अनुरागी ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होंने ‘बम बम बोल रहा है काशी’ और ‘जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
स्नेहा सिंह के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
इसके बाद मंच पर स्नेहा सिंह ने अपनी प्रस्तुति दी। ‘जय भवानी, हर हर महादेव, जय श्री महाकाल’ के उद्घोष के साथ उन्होंने माहौल को शिवमय कर दिया।उन्होंने ‘हमरी लेलो खबरिया, गौरां के संवारिया’, ‘डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा’ और ‘आदि शक्ति नमो नमः’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में झूमते रहे।
बाबा बर्फानी की 8 फीट प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र
भजन संध्या में 8 फीट ऊंची बाबा बर्फानी की भव्य प्रतिमा और त्रिशूल धारण किए शिव की विशाल आकृति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भव्य सजावट और धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई।कार्यक्रम का मंच संचालन विशाल म्यूजिक के संयोजक विशाल सिंह ने किया।
25 हजार श्रद्धालुओं के लिए हुआ महाभंडारा
आयोजन के दौरान करीब 25,000 श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संघ के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
भजन संध्या में पूर्व झारखंड मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित शहर की कई सामाजिक और धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में ललित दास, गुंजन यादव, विनोद सिंह, सतबीर सिंह सोमू, कृतजीत सिंह रॉकी, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, भूपिंदर सिंह, शिवशंकर सिंह, सन्नी सिंह, चंचल भाटिया और राजेश कुमार शर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
संघ के कार्यकर्ताओं की रही अहम भूमिका
विशाल आयोजन को सफल बनाने में श्री नीलकंठ महादेव संघ के कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की। पंकज कुमार और अरविंद कुमार समेत बालकृष्ण प्रसाद, जितेंद्र प्रसाद, अजीत कुमार, रणवीर मंडल, राजेश कुमार सिंह, मुनीम सिंह, राज सिंह, रवि शंकर सिंह, विकास कुमार, मंजीत, राजू सानन, जयपाल भगत, गौरव सिंह, संतोष शर्मा, मनोज कुमार और विश्वजीत राय सहित अन्य सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।श्रावण की दूसरी सोमवारी पर आयोजित यह भजन संध्या जमशेदपुर के श्रद्धालुओं के लिए शिवभक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से भरी यादगार रात बन गई।
