जमशेदपुर: जुगसलाई बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन वस्त्रालय में रंगदारी और क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के फरार चल रहे 10वें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज कांड में शामिल सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
17 मई को हुई थी फायरिंग की वारदात
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 17 मई को एक कार में सवार अपराधी जुगसलाई बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन वस्त्रालय पहुंचे थे। आरोपियों ने रंगदारी और इलाके में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से दुकान पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे।घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पहले 9 आरोपी हुए थे गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 5 पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए थे।हालांकि, इस मामले का एक आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
गुप्त सूचना पर 10वां आरोपी दबोचा गया
सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जुगसलाई थाना पुलिस ने सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर निवासी मोहित बाग उर्फ थाटो को गिरफ्तार कर लिया।मोहित बाग इस मामले का अंतिम फरार आरोपी था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही फायरिंग कांड में शामिल सभी 10 आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं।
पुलिस ने पूरी कार्रवाई को बताया बड़ी सफलता
पुलिस के अनुसार, इस मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी से न केवल फायरिंग कांड का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ भी कड़ा संदेश गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
