जमशेदपुर: शेयर बाजार में 5 लाख के नुकसान ने ली युवक की जान, कदमा में बीटेक छात्र अंकित ने की आत्महत्या

जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर (रोड नंबर-7) में रहने वाले 23 वर्षीय बीटेक छात्र अंकित शर्मा ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

कमरे में फंदे से लटका मिला अंकित

घटना के समय अंकित अपनी बहन के साथ घर पर था। जानकारी के अनुसार रात में जब बहन उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई, तो अंकित का कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर उसे अंकित फंदे से लटका दिखाई दिया।: शोर मचाने पर जुटे पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंकित को नीचे उतारा और तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित पिछले कुछ समय से शेयर मार्केट में सक्रिय था। शेयर बाजार में उसे लगभग 4 से 5 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। इस नुकसान के बाद से ही वह काफी चुपचाप रहने लगा था और गहरे मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से गुजर रहा था।अंकित की मां की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है और वे वर्तमान में इलाज के लिए रांची में भर्ती हैं। घर की इन परिस्थितियों और आर्थिक बोझ ने शायद उसे इस आत्मघाती कदम के लिए मजबूर कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई

कदमा पुलिस ने इस संबंध में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले के हर पहलू की जांच कर रहे हैं। अंकित का मोबाइल और लैपटॉप भी जांच के घेरे में हो सकता है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि तकनीकी साक्ष्यों से की जा सके।

More From Author

समाहरणालय में आयोजित हुआ जन शिकायत निवारण दिवस

Jharkhand: चतरा–हजारीबाग बॉर्डर पर मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, 15 लाख का इनामी सहदेव महतो भी मारा गया