जमशेदपुर: ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए तीन शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई रेलवे के ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर की गई।
चलती ट्रेन से कूदकर भाग रहे थे संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर बुधवार रात टाटानगर स्टेशन और विभिन्न ट्रेनों में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा–हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूदकर तेजी से भागते दिखाई दिए।उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल निगरानी शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, तीसरे साथी के साथ पकड़े गए
आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घूमते मिले। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी परसुडीह के रहने वाले
पूछताछ में आरोपियों की पहचान समीर मुखी (20), सावन मुंडा (17) और शेखर सिंह उर्फ पाजी (20) के रूप में हुई। तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा निवासी बताए गए हैं।
चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये मोबाइल ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से चोरी किए गए थे। बरामद मोबाइल जब्त कर तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है।
संगठित गिरोह से जुड़े होने की जांच
रेलवे पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी किसी संगठित मोबाइल चोरी गिरोह का हिस्सा हैं या नहीं। साथ ही ट्रेनों में हुई अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने अंजाम दी।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, बैग और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को देने की अपील की है।
