जमशेदपुर: ’12 लाख दो, नहीं तो होटल बंद करवा देंगे’, अधिवक्ता और ग्रैंड होटल की संचालिका ने यूट्यूबर्स पर लगाया ब्लैकमेलिंग और जबरन कब्जा करने का आरोप

जमशेदपुर : लौहनगरी के साकची स्थित ‘होटल ग्रैंड’ को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस-प्रशासन से लेकर कोर्ट की दहलीज तक पहुंच गया है। जमशेदपुर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता संजय सिंह और उनकी पत्नी सह होटल संचालिका शबनम सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर शहर के कुछ यूट्यूबर्स और कथित पत्रकारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उनका आरोप है कि इन लोगों ने होटल पर मनगढ़ंत आरोप लगाकर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और मांग पूरी न होने पर होटल में जबरन घुसकर ताला तोड़ दिया।

‘तहलका डॉट कॉम’ का नाम लेकर मांगी 12 लाख की रंगदारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान होटल संचालिका शबनम सिंह ने घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए बताया की 4 अप्रैल 2022 को शहर का यूट्यूबर विनोद सिंह अपने साथियों—अमिताभ वर्मा, अविनाश, इंद्रजीत भुल्लर और अदिति के साथ होटल ग्रैंड आया था। इन लोगों ने खुद को ‘tahlaka.com’ का पत्रकार बताया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि होटल सुचारू रूप से चलाना है, तो उन्हें 12 लाख रुपये देने होंगे। जब शबनम सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो इन पांचों ने होटल में ‘वैश्यावृत्ति’ संचालित होने का झूठा व मनगढ़ंत आरोप लगाकर खबरें चलानी शुरू कर दीं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

कोर्ट में चल रहे हैं कई मुकदमे, फर्जी पत्रकार होने का दावा

शबनम सिंह ने मुख्य आरोपी विनोद सिंह पर ‘फर्जी पत्रकार’ होने का आरोप लगाते हुए बताया कि वे इस ब्लैकमेलिंग के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं। ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर शबनम सिंह ने 12 मई 2023 को यूट्यूबर विनोद सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। इसके अलावा, विनोद सिंह के खिलाफ कोर्ट में मानहानि के दो अलग से केस चल रहे हैं, जिसमें एक केस नंबर 228/23 है। अधिवक्ता संजय सिंह जल्द ही तीसरा केस भी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

कांग्रेस नेता और साकची थाना प्रभारी पर मिलीभगत के गंभीर आरोप

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब होटल संचालिका ने स्थानीय पुलिस और एक राजनीतिक नेता पर आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया। शबनम सिंह का आरोप है कि विनोद सिंह ने कांग्रेस नेता शैलेंद्र सिंह चंदेल और साकची थाना पुलिस के साथ मिलीभगत कर होटल का ताला तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गए। इस अवैध कब्जे के खिलाफ पीड़ित पक्ष ने जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से लिखित शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर होटल के कमरों को तुरंत खाली कराने की मांग की है।अधिवक्ता संजय सिंह ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और आरोपियों को शह देने के आरोप में वे साकची थाना प्रभारी के खिलाफ भी अदालत में मुकदमा दर्ज करेंगे।इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शहर के पत्रकारिता और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह होगा कि जिला पुलिस कप्तान इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं।

More From Author

सरायकेला पुलिस की नई पहल: ट्रैफिक जवानों को मिलेगी कूलिंग जैकेट, भीषण गर्मी में मिलेगी राहत

जमशेदपुर: निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ बारीडीह में ‘नुक्कड़ नाटक’ और ‘भिक्षाटन’; री-एडमिशन फीस बंद करने और समान सिलेबस की उठी मांग

Recent News