जमशेदपुर: परसुडीह लोको फाटक के पास रेल अधिकारी पर चाकू से हमला, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हुआ बदमाश

जमशेदपुर के परसुडीह लोको फाटक के पास मंगलवार रात रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता जुनैल केरकेट्टा (44) पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। हमलावर मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूटकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

रेल पटरियों के पास वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, जुनैल केरकेट्टा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद मेन यार्ड से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेल पटरियों के पास एक बदमाश ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर चोट लगी। घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।

टीएमएच से टाटा मोटर्स अस्पताल किया गया रेफर

घायल रेल अधिकारी को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस, रेल पुलिस और आरपीएफ ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। परसुडीह पुलिस, रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने और हमलावर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना केवल लूट के उद्देश्य से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी है।

रेल कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद रेल कर्मचारियों ने यार्ड और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। कर्मचारियों का कहना है कि नाइट शिफ्ट में कार्य करने वाले रेलकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे को ठोस कदम उठाने चाहिए।उन्होंने मांग की कि रेलवे यार्ड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा रात के समय पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

More From Author

झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी, ₹1 करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा धनबाद से गिरफ्तार

विश्व टाइगर दिवस: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बच्चों ने लिया बाघ संरक्षण का संकल्प, डीएफओ सबा आलम ने किया जागरूक