जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में गोलगप्पा विक्रेता से लूट और चाकूबाजी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।


गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहा था युवक
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि घटना 19 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे की है। गाड़ाबासा निवासी आकाश कुमार गोलगप्पा बेचकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन अपराधियों ने उनका ठेला रोक लिया और रुपये की मांग की।आकाश कुमार ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद उनकी जेब से 1,700 रुपये लूटकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
विशेष टीम ने शुरू किया छापेमारी अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों में एक निरुद्ध बालक और राहुल पात्रो उर्फ कल्लू, पिता जगरनाथ पात्रो, निवासी गांधीनगर, बागबेड़ा शामिल हैं।
चाकू और 1200 रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक धारदार चाकू और लूट की रकम में से 1,200 रुपये बरामद किए हैं।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
