जमशेदपुर: मानगो में थाना के पास डिमना रोड पर ‘सेलिब्रेशन’ फ्रूट शॉप का शटर तोड़ 80 हजार की चोरी, कैमरों के तार काटे

जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत डिमना मुख्य सड़क पर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। थाना से महज कुछ ही दूरी पर, ग्रीन वाटिका के पहले स्थित ‘सेलिब्रेशन’ नामक फल और ड्राई फ्रूट की दुकान का शटर तोड़कर चोर गल्ले में रखे ₹80,000 नगद लेकर आसानी से फरार हो गए।इस घटना के बाद डिमना रोड के व्यापारियों में असुरक्षा और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

आवाज न हो, इसलिए बांस-बल्ले में बांधा था रबर का ट्यूब

दुकान के मालिक अमित कुमार ने बताया कि वे हर दिन की तरह रविवार रात्रि लगभग 10:00 बजे अपनी दुकान को ठीक से बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। दुकान के शटर को एक तरफ से भारी औजारों के जरिए ऊपर की ओर उठाया गया था।अमित ने जब अंदर जाकर देखा तो चोरों ने पकड़े जाने के डर से सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे। घटनास्थल से पुलिस को बांस और मोटे लकड़ी के बल्ले बरामद हुए हैं, जिससे शटर को उठाया गया था। खास बात यह है कि शटर तोड़ते वक्त आवाज न हो और गश्ती पुलिस या आसपास के लोगों को भनक न लगे, इसके लिए अपराधियों ने बांस और बल्लों पर रबर का ट्यूब बांध रखा था।

दो दिन का बैंक कलेक्शन दुकान में ही था मौजूद

भुक्तभोगी अमित कुमार ने रूआंसे स्वर में बताया कि शनिवार और रविवार को बैंक बंद रहने के कारण दो दिनों की पूरी बिक्री (कैश कलेक्शन) दुकान के गल्ले में ही रखी हुई थी। उन्होंने भावुक होकर कहा, “चूंकि यह शहर की सबसे मुख्य और व्यस्त सड़क (डिमना मेन रोड) है, इसलिए मेरे मन में कभी चोरी का ख्याल ही नहीं आया। मुझे लगा था कि मेन रोड पर कभी कोई शटर तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता।”

मौके पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह, थाना प्रभारी ने दिया भरोसा

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने भुक्तभोगी से पूरी बात समझने के बाद फौरन उलीडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उलीडीह थाना प्रभारी (थानेदार) अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए आश्वस्त किया कि आसपास की दुकानों और मुख्य मार्ग पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही शातिर अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

“नशे की चपेट में मानगो, नहीं संभली व्यवस्था तो एसएसपी ऑफिस में होगा प्रदर्शन”

मौके पर मौजूद विकास सिंह ने मानगो की कानून व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डिमना मेन रोड जैसी हर वक्त व्यस्त रहने वाली सड़क पर, वह भी थाने से चंद कदम की दूरी पर इतनी तसल्ली से शटर तोड़कर चोरी हो जाना पुलिसिया गश्त पर बड़ा सवालिया निशान है।विकास सिंह ने आरोप लगाया कि”आज पूरा मानगो क्षेत्र नशा बेचने और नशा करने वाले अपराधियों की चपेट में आ चुका है। स्मैक और ब्राउन शुगर के आदी ये युवा पैसे के लिए आए दिन चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अगर उलीडीह पुलिस ने इस चोरी का खुलासा जल्द नहीं किया और मानगो में चोरी की वारदातों पर रोक नहीं लगी, तो वे स्थानीय व्यापारियों और भारी जनबल के साथ सीधे एसएसपी कार्यालय का घेराव और उग्र प्रदर्शन करेंगे।”

More From Author

जमशेदपुर: जुगसलाई में रेलवे पुल के पास ब्राउन शुगर बेचते 2 पेडलर्स गिरफ्तार; 24 पुड़िया ड्रग्स बरामद, सिटी एसपी बोले— रिमांड पर लेकर खंगालेंगे पूरा नेटवर्क

जमशेदपुर में चेन स्नेचिंग के बाद पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, जैप परिसर से दो आरोपी गिरफ्तार