जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित नेपाली बस्ती में शनिवार देर शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मारपीट में घायल लोगों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया।रेफर किए गए घायलों में शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी राहुल कर, उसका साथी धीरज कुमार और दूसरे पक्ष का मुन्ना थापा शामिल है। बताया जा रहा है कि राहुल कर और धीरज कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।मारपीट में घायल अन्य लोगों में भोतू, छोटू रजक और विशेश्वर के नाम भी सामने आए हैं।
विसर्जन जुलूस के दौरान शुरू हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, विवाद की शुरुआत शुक्रवार को नेपाली बस्ती में निकाले गए विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि जुलूस में नाचने को लेकर बस्ती के ही सुशील नामक युवक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई थी।हालांकि, उस समय स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
शनिवार शाम फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सुशील अपने आठ-दस साथियों के साथ दोबारा बस्ती पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे।घटना के बाद बस्ती में कुछ समय के लिए तनाव और भय का माहौल बन गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है और विवाद के कारणों तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
