जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना के ठीक सामने चोरों ने एक साथ 4 दुकानों को बनाया निशाना, कटर के साथ एक रंगेहाथ दबोचा

जमशेदपुर : लौहनगरी के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के दुस्साहस ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। बीती रात चोरों ने सुंदरनगर थाना चौक के ठीक सामने स्थित एक कतार की चार दुकानों में चोरी की बड़ी कोशिश की। हालांकि, एक दुकानदार की सतर्कता से एक शातिर चोर को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे।

रंगेहाथ पकड़ा गया चोर, कटर बरामद

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले एक पान दुकान को निशाना बनाया।चोरी की आहट मिलते ही पान दुकान के मालिक ने सूझबूझ दिखाई और शोर मचाते हुए एक चोर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से शटर और ताला काटने वाला लोहे का कटर बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की धुनाई करने के बाद उसे सुंदरनगर पुलिस के हवाले कर दिया।

एक के बाद एक 4 दुकानों में सेंधमारी की कोशिश

पकड़े गए चोर और उसके गिरोह ने केवल पान दुकान ही नहीं, बल्कि आसपास की अन्य दुकानों के ताले भी चटकाने की कोशिश की थी।चोरों ने दो पूजा भंडार और एक राशन दुकान के शटर के ताले तोड़ने का प्रयास किया। गनीमत रही कि इन दुकानों के शटर के ताले नहीं टूटे, जिसके कारण लाखों का सामान चोरी होने से बच गया।

“चिराग तले अंधेरा”: थाना के सामने चोरी से भड़के दुकानदार

थाना चौक जैसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई इस घटना ने पुलिसिया गश्त (पेट्रोलिंग) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि जब थाना के ठीक सामने दुकानें सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे सुंदरनगर क्षेत्र की सुरक्षा का क्या होगा? व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की रात्रि गश्ती में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस की कार्रवाई और गिरोह की तलाश

सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और सभी प्रभावित दुकानों का निरीक्षण किया। पुलिस ने पकड़े गए चोर को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।पुलिस को अंदेशा है कि यह एक संगठित गिरोह है जो दुकानों की रेकी कर चोरी करता है।थाना चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि फरार आरोपियों की पहचान की जा सके।

More From Author

जमशेदपुर: नाइट ड्यूटी कर लौट रहे युवक को ट्रेलर ने कुचला, बारीडीह विजय गार्डन के पास दर्दनाक मौत

जमशेदपुर: सोनारी के ‘बजरंग इंडेन गैस’ में भारी हंगामा; ₹2500 में सिलेंडर बेचने का आरोप, विरोध करने पर उपभोक्ताओं और मीडिया से बदसलूकी

Recent News