जमशेदपुर: टिनप्लेट सब्जी मार्केट फायरिंग मामले में तीन अपराधी गिरफ्तार, दो कट्टा व कारतूस बरामद

जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और विरोध करने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

व्यापारी से मांगी थी एक लाख की रंगदारी

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब 6 बजे टिनप्लेट सब्जी मार्केट में अपराधियों ने एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। व्यापारी के विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05-BT-4437) बरामद की गई।

तीसरे आरोपी के पास से भी मिला हथियार

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गिरोह के एक अन्य सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास हथियार होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।इस बरामदगी के आधार पर गोलमुरी थाना में अलग से मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई संगीन मामले

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 आपराधिक मामले गोलमुरी, बिष्टुपुर और टेल्को थानों में दर्ज हैं।वहीं मनदीप सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में चार आपराधिक केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 24 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रंगदारी गिरोह के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है।

More From Author

जमशेदपुर: टाटा पावर प्रबंधन पर ठेका मजदूरों के अधिकारों के हनन का आरोप, यूनियन ने श्रम विभाग से की जांच की मांग

चक्रधरपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लाखों की चोरी, आईफोन-लैपटॉप समेत महंगे गैजेट्स लेकर फरार हुए बदमाश